लीवर को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें – What to Eat to keep Your Liver Healthy?

Published by Anushka Chauhan on

liver

लीवर को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें – What to Eat to keep Your Liver Healthy?

हमारे शरीर में कई महत्वपूर्ण अंग पाए जाते हैं जिनमें से लीवर का भी एक नाम आता है। लीवर को हम जिगर या यकृत भी कहते हैं। ये हमारे शरीर में एक डिटॉक्सीफायर की तरह काम करता है जिसका अर्थ है कि ये हमारे शरीर से हानिकारक पदार्थों को छानने का कार्य करता है। लीवर भोजन को पचाने तथा उपापचय अर्थात मेटाबॉलिज़्म की प्रक्रिया को सही से करने में भी मदद करता है। इसलिए ये बेहद ज़रूरी है कि हमारा लीवर स्वस्थ हो अन्यथा हम अनेक गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं।

अब बात आती है कि हम अपने लीवर को स्वस्थ कैसे रख सकते हैं। इसके लिए हम दिन प्रतिदिन कुछ उपायों का पालन कर सकते हैं। तो आइए अपनी इस सफ़र की शुरुआत करते हैं।

Liver

लीवर को स्वस्थ रखने के उपाय

 

1.) अनुशासित जीवनशैली

इस बात का ध्यान अवश्य रखें कि अपनी जीवनशैली को अनुशासित बनाए रखना है। हर काम का अपने समय पर होना ज़रूरी है। आप कितना भी व्यस्त क्यों ना रहें लेकिन इस बात का अवश्य ख़याल रखें कि आपको प्रतिदिन कम से कम छह घंटे की नींद अवश्य लेनी है।

अपने शारीरिक अंगों को व्यवस्थित तरीक़े से कार्यशील बनाएँ रखने के लिए शरीर को काम के साथ साथ आराम देना भी ज़रूरी है। लगातार एक ही जगह बैठकर कार्य ना करें। बीच बीच में थोड़ा चलते फिरते भी रहें।

 

2.) शराब तथा सिगरेट का त्याग

यदि आप सिगरेट या शराब का सेवन करते हैं तो ये लीवर को कम समय में अत्यधिक रूप से क्षति पहुँचा सकता है। इसलिए शराब और सिगरेट का सेवन करना बिलकुल छोड़ दें।

शराब का सेवन करने वाले लोगों का लीवर सामान्य लोगों की तुलना में अधिक जल्दी ख़राब हो जाता है।

नशे की लत ना सिर्फ़ शरीर को हानि पहुँचाती है बल्कि इससे मानसिक स्वास्थ्य का भी काफ़ी हनन होता है। इसलिए अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए शराब और सिगरेट को बिलकुल भी हाथ ना लगाएं। ये लीवर का सबसे बड़ा दुश्मन माने गए हैं।

 

3.) फ़िटनेस का ख़याल रखें

ये बात बिलकुल सत्य है कि शरीर में अतिरिक्त वसा का एकत्र होना विभिन्न बीमारियों को आमंत्रण देने जैसा होता है। अतिरिक्त वसा न सिर्फ़ मोटापा बढ़ाती है बल्कि ये लीवर की कार्यशैली को भी प्रभावित करती है। इससे फैटी लीवर जैसी समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।

इसलिए अपने शरीर की फ़िटनेस का ख़याल रखना बेहद ज़रूरी है। इसके लिए हम व्यायाम कर सकते हैं।

प्रतिदिन सुबह उठकर ताज़ी हवा में टहलने से ना सिर्फ़ अतिरिक्त वसा को ख़त्म करने में आसानी होती है बल्कि इससे मानसिक स्वास्थ्य भी तरोताज़ा बना रहता है। शरीर में ऊर्जा के संचार के लिए व्यायाम करें और इसी के साथ साथ योग आसनों को भी अपनाएं।

 

4.) जंक फ़ूड का त्याग करें

जब कोई व्यक्ति इन चीज़ों का सेवन करता है तो ऐसे में उसके शरीर में फ़ैट का जमाव होने लगता है। इस फ़ैट को रक्त से अलग करने के लिए तथा पाचन को सही से करने के लिए लीवर को अतिरिक्त कार्य करना पड़ता है। यदि लगातार इन चीज़ों का सेवन किया जाए तो ऐसे में लीवर की कार्य क्षमता प्रभावित होने लगती है। नतीजा ये निकलता है कि इनके अधिक इस्तेमाल से लीवर डैमेज हो सकता है। इसलिए इस समस्या से बचाव करना ज़रूरी है। तो आज ही जंक फ़ूड और कोल्ड ड्रिंक का त्याग करें।

 

5.) संतुलित आहार लें

अपने लीवर को स्वस्थ रखने के लिए न सिर्फ़ जंक फ़ूड का त्याग करना ज़रूरी है बल्कि अपने आहार को संतुलित रखना भी आवश्यक है।

हमें अपने आहार में ऐसी चीज़ों को शामिल करना चाहिए जिनमें मिनरल्स तथा विटामिन्स की भरपूर मात्रा पाई जाती है।

इसी के साथ साथ सुबह का नाश्ता करना भी ज़रूरी है। सुबह के नाश्ते में हम दलिया खा सकते हैं। इसी के साथ फलों और सब्ज़ियों का जूस पीना भी लीवर के लिए काफ़ी फ़ायदेमंद हो सकता है।

लंच और डिनर में मछली, दाल व अन्य हरी सब्ज़ियों का सेवन भी किया जा सकता है।

 

6.) ग्रीन टी का सेवन करें

जैसा कि हम जानते हैं कि लीवर शरीर को विषाक्त पदार्थों से दूर रखने का कार्य करता है। इसलिए लीवर की कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए न सिर्फ़ शरीर को अनहेल्दी चीज़ों से बचाना चाहिए बल्कि इसी के साथ साथ स्वास्थ्यवर्धक चीज़ों का भी सेवन करना चाहिए।

ग्रीन टी को डिटॉक्सीफाईयर या फिल्टर माना जाता है। यदि हम अपने दिन की शुरुआत ग्रीन टी के साथ करें तो ऐसे में ये लीवर के लिए बेहद लाभकारी हो सकता है।

ग्रीन टी शरीर में एकत्र हो रही अतिरिक्त वसा को ख़त्म करने में सहायता करती है। इससे लीवर को एक असिस्टेंट भी मिल जाती है जिससे लीवर को अधिक कार्य नहीं करना पड़ता है। ऐसे लोग जो फैटी लीवर या मोटापे से परेशान हैं उन्हें ग्रीन टी का सेवन अवश्य करना चाहिए।

Liver

क्या खाएँ?

 

1.) लहसुन का सेवन करें

लहसुन एक प्राकृतिक डिटॉक्सीफाईयर की तरह कार्य करता है जो लीवर की कार्यशीलता को सुचारु रूप से करने के लिए प्रेरित करता है।

 

2.) चुकंदर खाएं

चुकंदर न सिर्फ़ शरीर में रक्त को बढ़ाने में मदद करता है बल्कि ये लीवर की कार्यक्षमता को भी प्रभावित करता है।

चुकंदर में बीटा कैरोटीन पाया जाता है जो लीवर की कार्यशैली को सुचारु रखने में मदद करता है। चुकंदर को हम सलाद के रूप में खा सकते हैं। इसी के साथ साथ चुकंदर का जूस पीना भी शरीर के लिए फ़ायदेमंद होता है। इससे न सिर्फ़ शरीर में रक्त की मात्रा को बढ़ाया जा सकता है बल्कि लीवर को डैमेज होने से भी बचाया जा सकता है।

 

3.) नींबू का सेवन करें

नीबू में डी लिमोनेने नामक एक महत्वपूर्ण तत्व पाया जाता है जो लीवर की कोशिकाओं को सक्रिय करने के लिए अहम भूमिका निभाता है।

 

4.) हल्दी का सेवन करें

हल्दी लीवर की क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत करने का कार्य करती है। इससे लीवर को पुनर्जीवित होने में मदद मिलती है और लीवर की कार्यक्षमता भी अच्छी होती है।

 

5.) सेब खाएं

सेब शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। यह भी लीवर के लिए काफ़ी फ़ायदेमंद है।

 

6.) अख़रोट खाएं

अख़रोट में एमिनो एसिड की प्रचुर मात्रा पाई जाती है। एमिनो एसिड शरीर से हानिकारक विषाक्त पदार्थों को अलग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ये ओमेगा थ्री फैटी एसिड तथा ग्लूटाथिओन नामक तत्वों से भी भरपूर होता है। इसलिए ये लीवर के लिए काफ़ी फ़ायदेमंद होता है। इस प्रकार लीवर को स्वस्थ रखने के लिए अख़रोट का सेवन किया जा सकता है।

 

7.) एवोकाडो का सेवन करें

अमेरिकन केमिकल सोसाइटी के द्वारा किए गए एक शोध में इस बात का ख़ुलासा हुआ है कि एवोकाडो में कुछ महत्वपूर्ण केमिकल पाए जाते हैं जो लीवर को डैमेज होने से बचाते हैं। इसी के साथ इसमें ग्लूटाथिओन नामक तत्व की भी भरपूर मात्रा पाई जाती है जो लीवर को डिटॉक्सीफाई करके उसकी कार्य क्षमता को बढ़ाता है। इस प्रकार एवोकाडो लीवर में होने वाली किसी भी तरह की समस्या को दूर करके उसको लंबे समय तक स्वस्थ रखने में सहायता कर सकता है।

और पढ़ें :मोटापे के मुख्य कारण और संभावित खतरे ! (Reasons of Obesity and Its Effects)

0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.