ब्रोकली के फायदे, उपयोग – Broccoli Benefits, Uses in Hindi

Published by Anushka Chauhan on

broccoli

ब्रोकली के फायदे, उपयोग – Broccoli Benefits, Uses in Hindi

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पोषक तत्व युक्त आहार जरूरी है। इस श्रेणी में फल और सब्जियों का नाम हमेशा पहले आता है। अगर सब्जियों की बात करें तो पौष्टिक सब्जियों की सूची अनगिनत है। इन्हीं सब्जियों में से एक है ब्रोकली, फूलगोभी सा दिखने वाली ब्रोकली के फायदे कई सारे हैं। ब्रोकली के गुण इसे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बनाते हैं। ऐसे में स्टाइलक्रेज के इस लेख में हम ब्रोकली खाने के फायदे विस्तारपूर्वक साझा कर रहे हैं। ब्रोकली क्या है, इसके फायदे और अधिक सेवन से ब्रोकली के नुकसान से जुड़ी जानकारियां यहां दी गई है। साथ ही ब्रोकली बनाने की विधि भी साझा की गई है, तो इन्हें जानने के लिए लेख को अंत तक पढ़ें।

ब्रोकली क्या है? – What is Broccoli in Hindi

ब्रोकली एक तरह की सब्जी है, जिसे हम खाने के लिए उपयोग करते हैं। यह सब्जी फूलगोभी प्रजाति की होती है और दिखने में भी फूलगोभी की तरह ही होती है। हालांकि, इसका स्वाद फूलगोभी से अलग होता है। ब्रोकली का वैज्ञानिक नाम ब्रैसिका ओलेरासिया वार. इटैलिका (Brassica oleracea var. italica) है। ब्रोकली के लाभ कई सारे हैं। इसके सेवन से शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा किया जा सकता है।

ब्रोकली में गैस्ट्रोप्रोटेक्टिव (पेट में गैस्ट्रिक एसिड के स्राव को बनने से रोकने), एंटीमाइक्रोबियल (​सूक्ष्म जीवों से शरीर का बचाव), एंटीऑक्सीडेंट, एंटीकैंसर (कैंसर से बचाव), हेपाटोप्रोटेक्टीव (लिवर को नुकसान से बचाने), कार्डियोप्रोटेक्टिव (हृदय को स्वस्थ रखने वाला प्रभाव), एंटी-ओबेसिटी (मोटापे से बचाव), एंटीडायबिटीज (डायबिटीज से सुरक्षा), एंटी-इंफ्लेमेटरी (सूजन को कम) आदि गुण मौजूद होते हैं। ये गुण शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में लाभकारी साबित हो सकते हैं।

ब्रोकली आपकी सेहत के लिए क्यों अच्छी है?

ब्रोकली में प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, जिंक, सेलेनियम, विटामिन-ए, सी के साथ-साथ पोलीफेनोल जैसे – क्वेरसेटिन ​(Quercetin) और ग्लूकोसाइड (Glucosides) व कई अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए लाभकारी होते हैं। ब्रोकली में मौजूद ये पोषक तत्व व्यक्ति को हृदय रोग, मोटापे की समस्या, पाचन संबंधी परेशानी व मधुमेह की समस्या और इस तरह के अन्य रोगों से बचाव करने में सहायक हो सकते हैं। ब्रोकली से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी फायदों के बारे में लेख में आगे विस्तार से जानकारी दी गई है।

ब्रोकली के प्रकार – Types of Broccoli in Hindi

ऐसे तो ब्रोकली के कई प्रकार हैं, लेकिन यहां हम पाठकों को ब्रोकली के कुछ मुख्य प्रकारों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। तो ब्रोकली के मुख्य प्रकारों की सूची नीचे साझा की गई है।

1. कालाब्रेसी ब्रोकली (Calabrese broccoli): ब्रोकली की इस प्रजाति का नाम इटली के मशहूर शहर कालाब्रिया के नाम पर पड़ा है। इसका ऊपरी भाग गहरा हरा रंग का होता है। इसे ठंड के दिनों में या ठंडी जगह पर उगाया जा सकता है।

2. ब्रोकली राब या रेब (Broccoli raab or rabe): ब्रोकली रेब को ब्रोकली रॉब के नाम से भी जाना जाता है। यह पालक की तरह पत्तेदार होती है।

3. ब्रोकोफ्लोवर (Broccoflower): यह ब्रोकली की तरह कम और फूलगोभी की तरह ज्यादा दिखती है। इसका स्वाद भी कुछ-कुछ फूलगोभी की तरह ही होता है।

4. अंकुरित ब्रोकली (Sprouting broccoli): इसका ऊपरी भाग फैला हुआ होता है और इसमें कई डंठल होते हैं।

5. गई-लन ब्रोकली (Gai-lan): इसे चायनीज ब्रोकली के नाम से भी जाना जाता है। यह लंबी और पत्तेदार होती है और सामान्य ब्रोकली की तुलना में ज्यादा पौष्टिक होती है।

6. पर्पल कॉलीफ्लॉवर (Purple cauliflower): पर्पल ब्रोकली भी ब्रोकली का एक प्रकार है। यह बैंगनी रंग की होती है। इसे अमेरिका और यूरोप में ज्यादा उपयोग किया जाता है।

Broccoli

ब्रोकली के फायदे – Benefits of Broccoli in Hindi

अब ब्रोकली खाने के फायदे के बारे में हम यहां विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। हालांकि, हम यह स्पष्ट कर दें कि ब्रोकली के गुण बीमारियों के जोखिम और लक्षणों को कम कर सकते हैं, लेकिन किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का इलाज नहीं है।ऐसे में किसी गंभीर बीमारी के लिए डॉक्टरी सलाह को प्राथमिकता दें। तो अब स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए ब्रोकली खाने के फायदे कुछ इस प्रकार हैं

1. हृदय के लिए ब्रोकली के फायदे

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हृदय का स्वस्थ होना आवश्यक है। ऐसे में हेल्दी हार्ट के लिए पोषक तत्व युक्त ब्रोकली अच्छा विकल्प हो सकता है। दरअसल, एनसीबीआई (National Center for Biotechnology Information) की वेबसाइट पर प्रकाशित शोध के अनुसार, ब्रोकली में सेलेनियम (Selenium) और ग्लूकोसिनोलेट्स (Glucosinolates) जैसे तत्व पाए जाते हैं। ये दोनों शरीर में हृदय को स्वस्थ रखने वाले प्रोटीन की मात्रा को बढ़ाकर व्यक्ति के हृदय को सेहतमंद रखने में मदद कर सकते हैं।

आसान शब्दों में समझा जाए तो ब्रोकली में हृदय को स्वस्थ रखने वाला (Cardioprotective) गुण मौजूद होता है। इतना ही नहीं, एक शोध में इस बात की पुष्टि हुई है कि ब्रोकली का सेवन करने से कोरोनरी हृदय रोग (Coronary heart disease- कोरोनरी धमनियों का क्षतिग्रस्त होने) का जोखिम भी काफी हद तक कम हो सकता है। ऐसे में हृदय को स्वस्थ रखने के लिए और ब्रोकली के फायदे के लिए व्यक्ति अपने स्वस्थ आहार डाइट चार्ट में ब्रोकली को शामिल कर सकते हैं।

2. कैंसर से बचाव के लिए ब्रोकली के फायदे

ब्रोकली का सेवन कैंसर से बचाव में मदद कर सकता है। ब्रोकली में कम मात्रा में सेलेनियम (Selenium) होता है जिसमें एंटीकैंसर गुण होते हैं। इसके अलावा इसमें ग्लूकोराफैनिन (Glucoraphanin) पदार्थ होता है, जो एंटी-कैंसर पदार्थ सल्फोराफेन में बदल सकता है। इसलिए यह कई तरह के कैंसर जैसे – ब्रेस्ट कैंसर, स्किन कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर से बचाव और उनके इलाज में प्रभावी माना जा सकता है।

बता दें ब्रोकली में पाए जाने वाला सल्फोराफेन एक प्राकृतिक प्लांट कंपाउंड है, जो लिवर को स्वस्थ रखने से लेकर अल्जाइमर, हृदय रोग आदि के जोखिम को कम कर सकता है। जानकारों की मानें तो ब्रोकली को जरूरत से ज्यादा पकाने या उबालने से यह कंपाउंड नष्ट हो सकते हैं। इसलिए ब्रोकली को हल्का उबालकर या स्टीम करके सेवन किया जाए तो बेहतर है। ब्रोकली को अंकुरित करके भी सेवन किया जा सकता है। वहीं, हम यह स्पष्ट कर दें कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, ऐसे में अगर किसी को यह स्वास्थ्य समस्या हो तो डॉक्टरी चिकित्सा को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

3. वजन घटाने के लिए ब्रोकली के फायदे

ब्रोकली की गिनती लो ग्लाइसेमिक फूड की श्रेणी में होती है, जो रक्त में शुगर की मात्रा को नियंत्रित करने में मददगार हो सकता है। वजन कम करने के लिए शरीर की इंसुलिन के लिए प्रतिक्रिया को नियंत्रित करना आवश्यक है। इसके अलावा, यह एंजाइम को बढ़ावा देती है, जो शरीर से विषैले तत्वों को साफ (डिटॉक्स) करने में मदद कर सकते हैं। बता दें कि शरीर को डिटॉक्स करने से वजन कम होने के साथ-साथ कई बीमारियों का जोखिम भी कम हो सकता है। वहीं, वजन संतुलित या वजन कम करने के डाइट में भी ब्रोकली को शामिल किया गया है। इस आधार पर माना जा सकता है कि ब्रोकली के फायदे में वजन कम करना भी शामिल है।

4. लिवर के लिए ब्रोकली के फायदे

लिवर से जुड़ी समस्याओं से बचाव के लिए भी ब्रोकली के फायदे देखे जा सकते हैं। इस विषय में हुए एक शोध में इस बात की पुष्टि होती है कि प्रतिदिन ब्रोकली के सेवन से न सिर्फ लिवर क्षति का जोखिम कम हो सकता है, बल्कि फैटी लिवर की समस्या में भी लाभ मिल सकता है। साथ ही ब्रोकली का सेवन लिवर को स्वस्थ रखने में भी सहायक हो सकता है।

इतना ही नहीं, ब्रोकोली में मौजूद एंटी-कैंसर और हेपाटोप्रोटेक्टिव (Hepatoprotective- लिवर सुरक्षित रखना) गुण लिवर की बीमारी के जोखिम को कम कर सकता है और लिवर को सुरक्षा प्रदान कर सकता है। तो स्वस्थ लिवर के लिए डाइट में ब्रोकली को शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है।

5. हड्डियों और दांत के लिए ब्रोकली के फायदे

कैल्शियम हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। शरीर 99 प्रतिशत से अधिक कैल्शियम हड्डियों और दांतों में स्टोर कर उन्हें मजबूत बनाने में मदद करता है। वहीं, ब्रोकली में कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों और दांतों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है। ऐसे में कैल्शियम की कमी से बचाव के लिए कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थों में ब्रोकली को शामिल करना अच्छा विकल्प हो सकता है।

6. आंखों के लिए ब्रोकली के फायदे

आंखें हमारे शरीर का जरूरी अंग होती हैं और शरीर के बाकी हिस्सों की तरह इन्हें भी पोषक तत्वों की जरूरत होती है। वहीं, ऐसे लोगों की कमी नहीं है, जिनकी आंखें कम उम्र में ही खराब हो जाती हैं। यहां तक कि बच्चों को भी चश्मे लग जाते हैं। ऐसे में उनके लिए ब्रोकली फायदेमंद साबित हो सकती है।

ब्रोकली में ल्यूटिन और जियाजैंथिन जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो आंखों के लिए सबसे उत्तम पोषक तत्वों में से एक माने जाते हैं। यह आंखों को कमजोर होने से बचा सकती हैं। दरअसल, ये मैक्यूलर डिजनरेशन (age-related macular degeneration- दृष्टि कमजोर होना) और मोतियाबिंद जैसी आंखों की समस्याओं के जोखिम को कम कर सकते हैं। इतना ही नहीं ब्रोकली को आंखों के लिए स्वस्थ आहार की श्रेणी में भी रखा गया है। ऐसे में आंखों को सेहतमंद बनाने के लिए ब्रोकली को अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं।

7. मस्तिष्क के लिए ब्रोकली के फायदे

मस्तिष्क के विकास के लिए ब्रोकली का सेवन लाभकारी हो सकता है। एनसीबीआई की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध के अनुसार, ब्रोकली में अल्फा लिपोइक एसिड (Alpha lipoic acid) होता है, जो अल्जाइमर के मरीजों के इलाज में मदद कर सकता है। अल्जाइमर से ग्रसित चूहों पर किए गए एक शोध में अल्फा लिपोइक एसिड से चूहों की याददाश्त में सुधार देखने को मिला। वहीं एक अन्य स्टडी में अल्फा लिपोइक एसिड को अल्जाइमर के मरीजों में संज्ञानात्मक खराबी को रोकने में प्रभावी पाया गया। इस आधार पर माना जा सकता है कि ब्रोकली याददाश्त को मजबूत करने में सहायता कर सकती है। इसलिए, ब्रोकली को आहार में शामिल करना न भूलें।

8. गर्भावस्था में ब्रोकली के फायदे

गर्भावस्था के समय शरीर को पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इन्हीं में कैल्शियम का नाम भी शामिल है। शिशु के स्वस्थ और मजबूत हड्डियों के लिए कैल्शियम आवश्यक होता है। ऐसे में कैल्शियम के लिए गर्भवती अन्य खाद्य पदार्थों के साथ ब्रोकली को भी आहार का हिस्सा बना सकती हैं। इतना ही नहीं ब्रोकोली फोलेट, विटामिन सी और विटामिन के का भी अच्छा स्त्रोत है, जो गर्भवती के लिए आवश्यक पोषक तत्वों में से एक है। हालांकि, ध्यान रहे कि गर्भावस्था में सभी की सेहत एक जैसी नहीं होती है, इसलिए इसे खाने से पहले गर्भवती एक बार डॉक्टर की सलाह भी जरूर लें।

9. शरीर को डिटॉक्सीफाई करने के लिए ब्रोकली के फायदे

आजकल लोग ज्यादातर बाहर के खाने का सेवन करने लगे हैं। कुछ मजबूरी में, तो कुछ शौक के कारण ऐसा करते हैं, लेकिन ज्यादा बाहर की चीजें खाने से शरीर में विषैले तत्व जमने लगते हैं। इस कारण कई शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं। ब्रोकली का सेवन करने से शरीर में एंजाइम्स का स्तर बढ़ता है, जो शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने और शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में सहायक हो सकते है। इतना ही नहीं, ब्रोकली एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर है, जो शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में सहायक हो सकता है। इसलिए, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ब्रोकली का सेवन लाभकारी हो सकता है।

10. पाचन के लिए ब्रोकली के फायदे

ब्रोकली का सेवन पाचन क्रिया में मदद कर सकता है। दरअसल, ब्रोकली में विटामिन-ए और उच्च मात्रा में फाइबर मौजूद होता है जो पाचन में सुधार के साथ गट (आंत) हेल्थ को बनाए रखने में सहायक हो सकता है। इतना ही नहीं ब्रोकली का सेवन अल्सर का कारण बनने वाले बैक्टीरिया (H. pylori bacteria) से भी बचाव कर सकता है। इस आधार पर ब्रोकली को पाचन संबंधी परेशानियों को दूर करने के लिए आहार में शामिल किया जा सकता है।

broccoli

ब्रोकली का उपयोग – How to Use Broccoli in Hindi

बेशक, ब्रोकली के बारे में जानकारी विस्तार में मिल गई है, लेकिन अगर ब्रोकली बनाने की विधि या खाने का तरीका सही है, तभी ब्रोकली के फायदे पूरी तरह से मिल सकेंगे। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नीचे हम ब्रोकली के उपयोग के बारे में बता रहे हैं, जो कुछ इस प्रकार हैं:

  • ब्रोकली को सब्जी या करी बनाकर खाया जा सकता है।
  • इसे चिकन और अंडे के साथ भी मिलाकर बनाया जा सकता है।
  • ब्रोकली का अंडे के साथ ऑमलेट बनाया जा सकता है।
  • ब्रोकली का रायता बना सकते हैं।
  • सूप में भी ब्रोकली का उपयोग कर सकते हैं।
  • ब्रोकली को उबालकर भी खाया जा सकता है।
  • ब्रोकली की सलाद भी बनाई जा सकती है। फिटनेस के शौकीन इसे सलाद के रूप में उपयोग कर सकते हैं।
  • ब्रोकली को अंकुरित करके भी खाया जा सकता है ।
  • अगर ब्रोकली को पास्ता और नूडल्स में मिक्स किया जाए, तो इससे न सिर्फ उनका स्वाद बढ़ता है, बल्कि जरूरी पोषक तत्व भी मिल सकते हैं।
और पढ़ें : Alzheimer: अल्जाइमर को नजरअंदाज करना हो सकता है खतरनाक, ऐसे पहचानें

0 Comments

Leave a Reply

Avatar placeholder

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.